जखोली नेत्र शिविर में 26 लोगों की जांच, सात में मिला मोतियाबिंद।
जखोली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल के निर्देशन में आयोजित शिविर में 26 लोगों की आंखों की जांच की गई।
विवेकानंद नेत्रालय के सहयोग से आयोजित शिविर में 12 पुरुष और 14 महिलाओं ने नेत्र परीक्षण कराया। जांच के दौरान 18 लोगों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं, जबकि पांच पुरुष और दो महिलाओं समेत सात लोगों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मोतियाबिंद से पीड़ित सभी सात लोगों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। इसके लिए विवेकानंद नेत्रालय एवं रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम उन्हें देहरादून ले जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अगला शिविर 4 अक्टूबर को भाणाधार स्थित विवेकानंद विजन सेंटर तथा 7 अक्टूबर को ग्राम पंचायत मनसूना में आयोजित किया जाएगा।
शिविर में नेत्र परीक्षण एवं उपचार संबंधी सेवाएं देने वाली मेडिकल टीम में दृष्टिमितिज्ञ सौरभ रावत, राकेश कुंवर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।


