विधायक निधि की 93.65 फीसदी राशि स्वीकृत, आधे से भी कम काम पूरे।
रुद्रप्रयाग विधानसभा में पांच वित्तीय वर्षों में 685 कार्य प्रस्तावित, 311 पूरे; 189 प्रगति पर और 160 अब भी शुरू नहीं
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के तहत पिछले पांच वित्तीय वर्षों में विकास कार्यों के लिए उपलब्ध 23.27 करोड़ रुपये में से करीब 21.80 करोड़ रुपये की राशि के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। यह उपलब्ध धनराशि का लगभग 93.65 प्रतिशत है। हालांकि, स्वीकृत कार्यों की भौतिक प्रगति की स्थिति पर नजर डालें तो अब तक 685 कार्यों में से 311 ही पूरे हो पाए हैं। 189 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 160 कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं।
वित्तीय आंकड़ों के अनुसार संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अब तक 16.43 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं। यानी बड़ी राशि के कार्य स्वीकृत होने के बावजूद सभी कार्यों को धरातल पर पूरा किया जाना अभी बाकी है।
विधायक निधि से विधानसभा क्षेत्र में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, स्ट्रीट लाइट और मंदिर सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। विद्यालयों में भवन, शौचालय, फर्नीचर और कंप्यूटर जैसी सुविधाओं के लिए भी निधि का उपयोग किया गया है।
वर्ष 2022-23 में 116 कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें 91 पूरे, 20 प्रगति पर और चार शुरू नहीं हुए। 2023-24 में 153 कार्यों में 88 पूरे, 51 प्रगति पर और 14 शुरू नहीं हो सके। 2024-25 में 169 कार्यों में 77 पूरे, 40 प्रगति पर और 52 कार्य शुरू नहीं हुए। 2025-26 में 122 कार्यों में 55 पूरे, 48 प्रगति पर और 18 शुरू नहीं हुए।
चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 125 कार्य स्वीकृत बताए गए हैं। इनमें अभी तक कोई कार्य पूरा नहीं हुआ है। 30 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 72 कार्य शुरू नहीं हुए हैं।
| वित्तीय वर्ष | उपलब्ध राशि | स्वीकृत राशि | अवमुक्त राशि |
|---|---|---|---|
| 2022-23 | 3.67 करोड़ | 3.67 करोड़ | 3.45 करोड़ |
| 2023-24 | 4.90 करोड़ | 4.89 करोड़ | 4.36 करोड़ |
| 2024-25 | 4.90 करोड़ | 4.90 करोड़ | 4.15 करोड़ |
| 2025-26 | 4.90 करोड़ | 4.66 करोड़ | 3.60 करोड़ |
| 2026-27 | 4.90 करोड़ | 3.68 करोड़ | 0.86 करोड़ |
| योग | 23.27 करोड़ | 21.80 करोड़ | 16.43 करोड़ |
| वित्तीय वर्ष | कुल कार्य | पूरे | प्रगति पर | शेष* |
|---|---|---|---|---|
| 2022-23 | 116 | 91 | 20 | 5 |
| 2023-24 | 153 | 88 | 51 | 14 |
| 2024-25 | 169 | 77 | 40 | 52 |
| 2025-26 | 122 | 55 | 48 | 19 |
| 2026-27 | 125 | 0 | 30 | 95 |
| योग | 685 | 311 | 189 | 185 |
दूसरी ओर कांग्रेस नेता सूरज नेगी ने विधायक निधि के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निधि का अपेक्षित रूप से विकास कार्यों में उपयोग नहीं हुआ और कुछ स्थानों पर भांडे-बर्तन बांटने जैसे कार्य किए गए हैं। हालांकि, ये आरोप उनके राजनीतिक दावे हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि हिमालय की आवाज न्यूज पोर्टल नही करता है।
ग्राम प्रधान कोठियाड़ा पवन सिंह राणा ने कहा हमारी ग्राम पंचायत का काम आज तक भी 3 बार एक ही प्रस्ताव देने के बाद एप्रूवल नहीं हुआ शायद आपकी नजरों में ये कोई गांव या ग्राम पंचायत है ही नहीं है हमने प्राइमरी स्कूल कोठियाड़ा का प्रस्ताव भेजा था पर अब मुझे लग रहा है जब इस स्कूल में कोई दुर्घटना होगी किसी स्टाफ या बच्चों के साथ तभी कोई संज्ञान लेगा अगर समय ही लगना तो 1 महीने बाद हम ग्राम पंचायत निधि से काम कर लेंगे
कुल आंकड़ों से तस्वीर यह सामने आती है कि निधि की बड़ी हिस्सेदारी के कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन करीब 45 प्रतिशत कार्य ही पूर्ण हुए हैं। ऐसे में लंबित और शुरू नहीं हुए कार्यों को समय पर पूरा करना कार्यदायी संस्थाओं के सामने अहम चुनौती है।


