वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह: छात्रों को सिखाए कैमरा ट्रैप और वन्यजीव पहचान के गुर।
जखोली। वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के तहत रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की उत्तरी और दक्षिणी जखोली रेंज में विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजकीय इंटर कॉलेज सिदसौड़, जीआईसी बुढ़ना और जनता जूनियर हाईस्कूल चिरबटिया के छात्र-छात्राओं को वन्यजीव संरक्षण, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और जंगल में सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई।
सिदसौड़ में वन क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र नेगी ने कहा कि पृथ्वी पर प्रत्येक जीव का अपना महत्व है। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए वन्यजीवों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील और जागरूक रहने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य सैनपाल शर्मा ने भी पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया।
दक्षिणी जखोली रेंज में उपप्रभागीय वनाधिकारी डॉ0 दिवाकर पंत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भालू और गुलदार के व्यवहार तथा उनसे बचाव की जानकारी दी गई। वनकर्मियों ने ड्रोन, ट्रैप कैमरा, फॉक्स लाइट, स्नेक रेस्क्यू किट समेत गश्त में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जानकारी दी।
चिरबटिया बर्ड ट्रेल पर विद्यार्थियों ने करीब 1.5 किलोमीटर प्रकृति पथ पर बर्ड वॉचिंग की। उन्हें पक्षियों की आवाज और स्वरूप से पहचान करने के गुर सिखाए गए। विद्यार्थियों को पगमार्क और अन्य संकेतों से वन्यजीवों की मौजूदगी पहचानने तथा कैमरा ट्रैप लगाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।








