होनहार बिटिया कोमल भारती ने बढ़ाया मान

ग्राम धारकोट की कोमल भारती का चयन राज्य कर आयोग में,
खबर शेयर करें:

 होनहार बिटिया ने बढ़ाया मान।

जखोली के धारकोट की कोमल भारती बनीं राज्य कर अधिकारी, क्षेत्र में खुशी की लहर।

अदम्य इच्छाशक्ति और कड़े परिश्रम के दम पर पहाड़ की बेटियां लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में विकासखण्ड जखोली के सुदूर ग्राम सभा धारकोट की होनहार बेटी कोमल भारती ने उत्तराखंड वित्त विभाग के अंतर्गत 'राज्य कर अधिकारी' के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कोमल की इस अभूतपूर्व सफलता से उनके परिवार और समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी कोमल भारती एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता शिक्षा जगत से जुड़े हैं और माता कुशल गृहणी हैं। कोमल की इस उपलब्धि में उनकी प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर तेला व गोरी मेमोरियल इंटर कॉलेज विजयनगर (अगस्त्यमुनि) से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कक्षा 11 की पढ़ाई अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज तेला और कक्षा 12 की शिक्षा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज श्रीनगर से पूरी की।

अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए कोमल भारती ने बताया कि एकाग्रता, 'सेल्फ स्टडी' (स्व-अध्ययन) और परिवार का निरंतर सहयोग ही उनकी कामयाबी का आधार है। उन्होंने आज के युवाओं को संदेश देते हुए कहा:

"आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में खुद को किताबों तक सीमित रखना ही पढ़ाई का सबसे बेहतरीन तरीका है। आधुनिक दौर में सूचना और तकनीक (IT) एक बड़ा हथियार है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाएं इसीलिए सामने आ रही हैं क्योंकि वे मोबाइल और अन्य डिजिटल संसाधनों का सही और सकारात्मक इस्तेमाल कर रही हैं। विशेषकर युवा वर्ग को तकनीक के दुरुपयोग से बचकर इसका सही दिशा में प्रयोग समझना होगा।"

कोमल की इस शानदार सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीण क्षेत्र की इस बेटी की सफलता आज उत्तराखंड के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणापुंज बन गई है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->