गुप्तकाशी-मयाली-चिरबटिया मार्ग को चारधाम सर्किट से जोड़ने की मांग

गुप्तकाशी-मयाली-चिरबटिया मार्ग से केदारनाथ यात्रा,
खबर शेयर करें:

 

गुप्तकाशी-मयाली-चिरबटिया मार्ग को चारधाम सर्किट से जोड़ने की मांग।

 भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने गढ़वाल कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन।

जखोली/रुद्रप्रयाग:

केदारनाथ यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और स्थानीय रोजगारपरक बनाने की दिशा में भाजपा नेता कमलेश उनियाल के प्रयासों को बड़ी प्रशासनिक सफलता मिली है। चिरबटिया-मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग को वैकल्पिक चारधाम यात्रा मार्ग घोषित करने की मांग अब शासन और प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंच गई है। कमलेश उनियाल के नेतृत्व में चले व्यापक हस्ताक्षर अभियान के बाद, जनभावनाओं को संकलित कर गढ़वाल कमिश्नर को पत्र सौंपा गया है।

7,785 नागरिकों का मिला समर्थन

​इस अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चिरबटिया, मयाली, तैला, बड़मा, जखोली, कुड़ी–अदूली, बसुकेदार और गुप्तकाशी क्षेत्र के कुल 7,785 नागरिकों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का पुरजोर समर्थन किया है। कमलेश उनियाल ने इस मार्ग के ऐतिहासिक और रणनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि 2013 की भीषण आपदा के दौरान इसी मार्ग ने सेना और राहत एजेंसियों के लिए एक 'लाइफलाइन' (जीवन रेखा) के रूप में कार्य किया था।

​ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सकारात्मक वार्ता के उपरांत, कमलेश उनियाल ने उत्तराखंड सचिवालय में गढ़वाल कमिश्नर दयाशंकर पांडे से भेंट की। उन्होंने मार्ग के रणनीतिक महत्व, आपदा प्रबंधन और स्थानीय आजीविका से जुड़े तथ्यों को कमिश्नर के सम्मुख रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर ने तत्काल जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को निर्देशित किया कि वे इस मार्ग के माध्यम से यात्रा संचालन, यातायात व्यवस्था और स्थानीय रोजगार पर पड़ने वाले प्रभावों की एक विस्तृत व तथ्यात्मक रिपोर्ट निश्चित समय सीमा के भीतर शासन को प्रेषित करें।

​भाजपा नेता कमलेश उनियाल ने कहा कि इस मार्ग के चारधाम सर्किट से जुड़ने पर मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित विकल्प मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार के द्वार खुलेंगे। क्षेत्र में होमस्टे योजना, होटल, ढाबा, टैक्सी संचालन और छोटे दुकानदारों की आजीविका सुदृढ़ होगी, जो आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।

​अंत में कमलेश उनियाल और क्षेत्रवासियों ने शासन से अपील की है कि जनहित और सुरक्षित यात्रा व्यवस्था को देखते हुए गुप्तकाशी–मयाली–चिरबटिया मोटर मार्ग को शीघ्र अति शीघ्र चारधाम सर्किट का हिस्सा बनाया जाए। यह मांग न केवल वर्तमान यात्रा व्यवस्था को सुधारेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के आर्थिक और सामाजिक भविष्य को भी सुरक्षित करेगी।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->