मयाली-जखोली मार्ग पर मैक्स वाहन हादसा

मयाली-जखोली मार्ग पर मैक्स वाहन हादसा,
खबर शेयर करें:

 

मयाली-जखोली मार्ग पर मैक्स वाहन हादसा।

 गड्ढों के कारण 200 मीटर गहरी खाई में गिरा मयाली गुप्तकाशी मोटर मार्ग पर रुका दुर्घटनाग्रस्त वाहन।

जखोली (रुद्रप्रयाग): मयाली-जखोली मोटरमार्ग पर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही और जानलेवा गड्ढे एक बार फिर बड़े हादसे का सबब बने। सोमवार दोपहर 2:30 बजे एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में चालक की जान बाल-बाल बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक मैक्स वाहन (संख्या- UK13TA0381) जखोली से मयाली की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन कांडई के समीप चायपत्ती बागान के पास पहुँचा, सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढों को बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। वाहन अनियंत्रित होकर पहाड़ी से नीचे लुढ़कते हुए लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नीचे स्थित मयाली-गुप्तकाशी मार्ग पर जाकर रुका। वाहन की स्थिति को देखकर किसी के भी जीवित बचने की उम्मीद कम थी, लेकिन चालक सुरेश की किस्मत ने उसका साथ दिया।

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों— साक्षी पुंडीर, दिव्यांशु पुंडीर और सागर पुंडीर ने अदम्य साहस का परिचय दिया। इन युवाओं ने तत्काल खाई में उतरकर मलबे के बीच फंसे चालक सुरेश को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जखोली पहुँचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सुरेश को केवल मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।

सूचना मिलते ही जखोली पुलिस चौकी से उपनिरीक्षक  सोमवीर सिंह के निर्देशन में सुरेंद्र सिंह ने टीम के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। गौरतलब है कि इस मार्ग की बदहाली को लेकर 14 मई 2026 को भी समाचार प्रकाशित कर विभाग को आगाह किया गया था कि ये गड्ढे किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकते हैं।

"विभाग की अनदेखी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। पूर्व में चेतावनी के बावजूद सुधारीकरण न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।" — हरीश सिंह पुण्डीर अध्यक्ष श्री वासुदेव टेक्सी यूनियन मयाली।

स्थानीय जनता ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भारी रोष व्यक्त करते हुए मांग की है कि सड़क के इन जानलेवा गड्ढों को तत्काल भरा जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति को अपनी जान जोखिम में न डालनी पड़े।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->