मरगावँ कंडाली गांव में किशोरी ने घर के अंदर लगाई फांसी।
किशोरी मौत की घटना से मचा हड़कंप।
जखोली। विकासखंड जखोली के अग्सत्यमुनि थाना अंतर्गत ग्रामपंचायत कंडाली के राजस्व ग्राम मरगावँ में रविवार को एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। बताया गया कि मृतका स्वाति पुत्री बीरेंद्र सिंह मूल रूप से ग्राम ग्वाड़ भणज की रहने वाली थी और पिछले कुछ समय से कंडाली गांव स्थित अपने नाना सुरेंद्र सिंह के घर मरगावँ में रह रही थी। वह कक्षा 9 में पढ़ती थी।
किशोरी की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी ने कथित तौर पर घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं किशोरी की मौत से मरगावँ में भी मातम पसरा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


