भारी बारिश और अतिवृष्टि से खलियाण गांव में भारी तबाही।
संयुक्त टीम ने किया नुकसान का आकलन; पीएमजीएसवाई को 50 लाख की क्षति।
जखोली। 10 जून को अतिवृष्टि के कारण मलबे और पानी की चपेट में आए खूड़गड़ गदेरे से आपदाग्रस्त हुए खलियाण गांव का प्रशासन और संबंधित रेखीय विभागों की संयुक्त टीम ने विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। अतिवृष्टि से गांव में जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के साथ ही सार्वजनिक और व्यक्तिगत परिसंपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास, पीएमजीएसवाई, सिंचाई और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का संयुक्त आगणन तैयार किया।
निरीक्षण के दौरान पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता ने बताया कि अतिवृष्टि और आपदा के चलते विभाग को अकेले खलियाण गांव में 50 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा, संयुक्त टीम के आकलन के अनुसार सिंचाई विभाग को 1.56 लाख और जल संस्थान को 4 लाख रुपये की क्षति पहुंची है। राहत की बात यह है कि राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित ग्रामीणों के क्षतिग्रस्त भवनों, भूमि और मवेशियों के नुकसान का प्रतिकर (मुआवजा) पहले ही वितरित किया जा चुका है।
संयुक्त निरीक्षण दल में सिंचाई विभाग से राजन भारद्वाज, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता उत्तम सिंह नेगी, जल संस्थान के अवर अभियंता देवेश कंडारी, आरडब्ल्यूडी की जेई कुमारी रश्मि, ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक सिंह, कानूनगो दुर्गा सिंह रावत व नरेंद्र सिंह रावत सहित ग्राम प्रधान श्रीमती लक्ष्मी राणा मौजूद थीं।


