दो दिन से अमकोटी–त्यूँखर मोटर मार्ग बंद

अमकोटी त्यूँखर मोटर मार्ग बंद,जखोली रुद्रप्रयाग सड़क अपडेट,
खबर शेयर करें:

 

भारी बारिश से अमकोटी–त्यूँखर मोटर मार्ग बंद, दो दिन से थमा आवागमन।

मलबा और भारी बोल्डर आने से सड़क अवरुद्ध, पीएमजीएसवाई के पास बोल्डर तोड़ने के लिए ब्रेकर तक उपलब्ध नहीं; ग्रामीणों ने उठाए सवाल

जखोली। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अमकोटी–त्यूँखर मोटर मार्ग एक सितंबर की दोपहर से बंद पड़ा है। मार्ग पर अमकोटी के समीप पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा आने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क बंद होने से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में मोटर मार्ग पर अपग्रेडेशन का कार्य चल रहा है। आरोप है कि सड़क किनारे जेसीबी से पत्थर निकालने के लिए कई स्थानों पर पहाड़ की कटिंग की गई है, जिसके चलते बारिश के दौरान लगातार मलबा और पत्थर सड़क पर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किए जाने की मांग की है।

त्यूँखर निवासी आनंद सिंह बुटोला, मोहन सिंह पंवार, रतन सिंह पंवार और मकान सिंह पंवार ने बताया कि उनके वाहन गोर्ती में खड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा मार्ग बंद हुए 24 घंटे भी नहीं होने और संसाधन उपलब्ध न होने की बात कही जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इस दौरान कोई व्यक्ति बीमार हो जाए अथवा कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो उसे अस्पताल तक कैसे पहुंचाया जाएगा।

पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता चन्द्रेश्वर कांत ने दूरभाष पर बताया कि सड़क पर आए भारी बोल्डर को तोड़ने के लिए ब्रेकर की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद ही मार्ग को यातायात के लिए खोला जा सकेगा।

ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र जेसीबी और आवश्यक मशीनरी मौके पर भेजकर मलबा हटाने तथा मार्ग को यातायात के लिए सुचारु करने की मांग की है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->