जखोली के चन्दी गांव में जन्माष्टमी पर बच्चों ने सजाई बाल-लीला, यशोदा-कृष्ण के स्वरूप ने मोहा मन।
जखोली (रुद्रप्रयाग)। विकासखंड जखोली के चन्दी गावँ में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक सांस्कृतिक झांकियों ने क्षेत्रवासियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान बाल-कलाकारों ने भगवान श्री कृष्ण, माता यशोदा और गोपियों के सजीव स्वरूप धारण कर सुंदर अभिनय प्रस्तुत किया। पीतांबरी वस्त्रों में सुसज्जित बाल-कृष्ण की लीलाएं और गोपियों के संग वात्सल्य रस बिखेरती माता यशोदा का दृश्य आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। नन्हे बालकों ने माखन चोरी, बांसुरी वादन और कन्हैया की बाल-सुलभ क्रीड़ाओं को जीवंत रूप दिया।
पहाड़ी परिवेश के बीच आयोजित इस भव्य प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को गोकुल धाम सा भक्तिमय बना दिया। बाल-कलाकारों के माथे पर सजे तिलक, मोरपंख और पारंपरिक आभूषणों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर सुशीला देवी ने 'यशोदा मैया' के रूप में सुंदर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रबल सिंह, मोहन सिंह, वंश, अक्षत, वंशिका, आरोही तथा अंशी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित ग्रामीणों ने नन्हे कलाकारों के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।



