पुलिस की बड़ी कामयाबी: खैनुरी के भूमियाल देवता मंदिर में चोरी का 4 घंटे में खुलासा।
आरोपी गिरफ्तार, शत-प्रतिशत सामान बरामद।
चमोली। आस्था के प्रतीकों को निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करते हुए चमोली पुलिस ने त्वरित और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। जनपद के खैनुरी गांव स्थित प्रसिद्ध भूमियाल देवता मंदिर में हुई चोरी का चमोली पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 22 जुलाई को कोतवाली चमोली में तहरीर दी गई थी कि 21 जुलाई की रात्रि में अज्ञात चोर द्वारा ग्राम खैनुरी स्थित भूमियाल देवता मंदिर का ताला तोड़कर चांदी का छत्र और चांदी की अंगूठी चोरी कर ली गई है। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई थी। जनआस्था से जुड़ी इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली चमोली में बीएनएस की सुसंगत धाराओं (धारा 305(D) व 331(4)) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर शीघ्र अनावरण के सख्त निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से गहन पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों व मैनुअल सर्विलांस का सहारा लिया। कड़े प्रयासों के बाद पुलिस ने मात्र 4 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश करते हुए अभियुक्त लखपत सिंह (पुत्र भगत सिंह, निवासी ग्राम खैनुरी, उम्र 35 वर्ष) को धर दबोचा। आरोपी के पास से मंदिर से चोरी हुआ चांदी का छत्र एवं अंगूठी सकुशल बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


