दस दिन का आश्वासन पूरा नहीं हुआ तो भड़के छात्र।
कुलपति की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाल किया प्रदर्शन।
परीक्षा परिणामों में सुधार न होने से छात्रों में आक्रोश, प्राचार्य कक्ष का घेराव कर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।
अगस्त्यमुनि। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर उतर आया। पूर्व में किए गए आंदोलन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दस दिन के भीतर खराब परीक्षा परिणामों में सुधार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद कई छात्रों के परिणाम दुरुस्त नहीं होने पर गुरुवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
एनएसयूआई के सान्निध्य में छात्रों ने महाविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के कुलपति की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद छात्रों ने प्राचार्य कक्ष का घेराव किया और परीक्षा परिणामों में जल्द सुधार किए जाने की मांग उठाई।
छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूर्व आंदोलन के दौरान दस दिन के भीतर परिणामों की त्रुटियां दूर करने का स्पष्ट आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। छात्रों ने आरोप लगाया कि परिणामों में सुधार न होने से उन्हें आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली के कारण छात्रों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद छात्रों ने प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र दुदपुरी के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आगामी सोमवार तक सभी छात्रों के परीक्षा परिणाम दुरुस्त नहीं किए गए तो छात्र दोबारा उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।
प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र दुदपुरी ने कहा कि छात्रों की मांग विश्वविद्यालय स्तर पर भेज दी गई है। प्रदर्शन में छात्रसंघ उपाध्यक्ष अभिषेक आर्य, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आलोक जग्गी, अभिषेक चौहान समेत संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।


