खबर का असर: चिरबिटिया-तिलवाड़ा और मयाली-जखोली मार्ग पर टूटे पुश्तों का निर्माण कार्य शुरू।
रुद्रप्रयाग। जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की की मुहिम का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़े चिरबिटिया-तिलवाड़ा मोटरमार्ग और मयाली-जखोली मोटरमार्ग पर टूटे हुए पुश्तों का पुनर्निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। इस सकारात्मक कदम से स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने बड़ी राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि स्यालसु गदेरे (बरसाती नाला) के पास विगत तीन वर्षों से पुस्ता टूटा हुआ था, जिसके कारण इस संवेदनशील मार्ग पर चारधाम यात्रा के समय बरसात होने पर यातायात लगातार बाधित हो रहा था और आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। इसके अतिरिक्त, मयाली लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस के समीप और स्थानीय पेट्रोल पंप के ठीक सामने भी मुख्य मार्ग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही जोखिमभरी हो गई थी। अखबार ने जनसुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को सिलसिलेवार खबरों के माध्यम से प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर का संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया। वर्तमान में मयाली गेस्ट हाउस और पेट्रोल पंप के सामने टूटे पुश्तों का काम लगभग पूर्ण होने की कगार पर है। स्थानीय जनता और व्यापारियों ने इस त्वरित समाधान के लिए हिमालय की आवाज़ न्यूज पोर्टल का आभार व्यक्त किया है।


