तल्लानागपुर क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान हेतु जनसुनवाई

तल्लानागपुर जनसुनवाई,केदारनाथ विधानसभा,विधायक आशा नौटियाल,
खबर शेयर करें:

 मानेंद्र कुमार(पप्पू)- चोपता

तल्लानागपुर क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान हेतु विधायक आशा नौटियाल ने चोपता में की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए निर्देश।

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल ने तल्लानागपुर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चोपता में एक महत्वपूर्ण जनसुनवाई व समीक्षा बैठक की। तल्लानागपुर संघर्ष समिति द्वारा आयोजित इस बैठक में विधायक ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान क्षेत्र की सबसे प्रमुख मांगों, जिनमें पॉलिटेक्निक भवन निर्माण, चोपता में पार्किंग की समुचित व्यवस्था, पेयजल किल्लत का निराकरण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना शामिल था, पर गंभीरता से विमर्श किया गया।

विधायक आशा नौटियाल ने जनता की सभी समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन जनसमस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण तत्काल किया जाए। वहीं, जिन बड़े प्रोजेक्ट्स और विषयों के लिए शासन स्तर से वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति आवश्यक है, उनकी विस्तृत कार्ययोजना एवं पत्रावली एक माह के भीतर तैयार कर शासन को भेजी जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और तल्लानागपुर क्षेत्र की सभी प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी, तल्लानागपुर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अमित प्रदाली, व्यापार संघ अध्यक्ष योगंबर कुनियाल, लक्ष्मण बर्तवाल, महामंत्री अरुण चमोली, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी सहित लोनिवि के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, जल संस्थान से संजीव चतुर्वेदी, जल निगम के रमाकांत गुप्ता और वन क्षेत्राधिकारी शंकर रावत जैसे वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, त्रिलोचन भट्ट, विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रधान व भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->