रिपोर्ट -रामरतन पवांर
घनसाली में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार।
पहचान छिपाने के आरोप से क्षेत्र में तनाव; बाजार बंद।
घनसाली- भिलंगना विकासखंड के अंतर्गत घनसाली में 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और पहचान छिपाकर संबंध बनाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। विरोध स्वरूप विभिन्न हिंदूवादी संगठनों और व्यापार मंडल के आह्वान पर गुरुवार को घनसाली बाजार पूरी तरह बंद रहा, जबकि एहतियात के तौर पर मुस्लिम व्यापारियों ने भी अपनी दुकानें बंद रखीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना घनसाली में आरोपी मोहम्मद जसीम अंसारी (निवासी माजरा, चंडीगढ़) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, बीती मध्य रात्रि को घनसाली बाजार के एक वार्ड में स्थानीय लोगों ने 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता के कमरे से आरोपी को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा था। इसके बाद स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 10 माह पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'स्नैपचैट' के जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपना हिंदू नाम बताकर नाबालिग से दोस्ती की थी। जनवरी 2026 में आरोपी घनसाली आया था, जिसे पीड़िता ने अपनी मां से हिंदू मित्र बताकर घर पर रुकवाया था। इसके बाद जून 2026 में युवती भी कुछ दिन चंडीगढ़ में आरोपी के घर रही, जहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बीते 4 जुलाई को जब आरोपी दोबारा घनसाली आया, तो पीड़िता को उसके दूसरे धर्म के होने का पता चला, जिससे दोनों में विवाद हुआ और मामला थाने पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपित जसीम निवासी हल्लू माजरा, चंडीगढ़ को दबिश देकर घनसाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित ने कथित रूप से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिग बालिका से संपर्क स्थापित किया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, "एक महिला की तहरीर के आधार पर चंडीगढ़ निवासी युवक के खिलाफ अपनी पहचान छिपाकर नाबालिग से दुष्कर्म करने का मुकदमा तत्काल दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।"


