प्रशासनिक फेरबदल: देहरादून पुलिस में बड़ा उलटफेर, SSP ने 33 दरोगा और इंस्पेक्टरों के किए तबादले।
देहरादून। राजधानी की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी तथा पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले में तैनात 33 निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और महिला उपनिरीक्षकों के तत्काल प्रभाव से तबादले कर दिए गए हैं। इस बड़े फेरबदल के तहत कई थानों के प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और पुलिस की विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं में तैनात प्रभारियों को बदलते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
स्थानांतरण सूची में जिले के प्रमुख थानों और क्षेत्रों के अधिकारी शामिल हैं, जिनमें मुख्य रूप से पटेलनगर, नेहरू कॉलोनी, रायपुर, रायवाला, डोईवाला, प्रेमनगर, कालसी, विकासनगर, राजपुर, क्लेमेंटटाउन, सहसपुर, बसंत विहार, ऋषिकेश और मसूरी शामिल हैं। इन क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से चुस्त-दुरुस्त करने की कवायद की गई है। एसएसपी ने स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान तैनाती स्थल से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थलों पर पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण करें।




