ऊखीमठ में व्यापारियों का फूटा गुस्सा।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी।
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों और सुरक्षा व्यवस्था पर उठते सवालों के बीच व्यापारियों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। हाल ही में पीड़ित व्यापारी प्रमोद शाह के साथ हुई चोरी की घटना के विरोध में व्यापार संघ के अध्यक्ष राजीव भट्ट के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी लामबंद होकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। जहां व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जताते हुए एसडीएम के माध्यम से पुलिस अधीक्षक (एसपी) रुद्रप्रयाग को एक तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
व्यापार संघ के अध्यक्ष राजीव भट्ट ने मुख्य रूप से तीन मांगें प्रशासन के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए, पूरी घटना का जल्द से जल्द पर्दाफाश हो और ऊखीमठ नगर सहित आसपास के बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त को तेज कर सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाए। भट्ट ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि इन वारदातों से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में भय का माहौल है। सुरक्षा का भरोसा बहाल करने के लिए पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही पूरे बाजार क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाना होगा। व्यापारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने शीघ्र ही ठोस कार्रवाई नहीं की, तो व्यापार संघ उग्र आंदोलन के लिए विवश होगा। दूसरी ओर, एसडीएम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ज्ञापन को तुरंत एसपी तक भेजने का आश्वासन दिया है, जबकि पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।


