रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे में भारी तनाव, छत पर चढ़े निहंग सिख; भारी पुलिस बल तैनात।
रुरुद्रप्रयाग: कर्णप्रयाग में हुई हालिया घटना की चिंगारी अब रुद्रप्रयाग तक पहुंच गई है। शनिवार को क्षेत्र के नगरासू गुरुद्वारे में उस समय स्थिति बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण हो गई, जब हेमकुंड साहिब की यात्रा पर आए कुछ निहंग सिखों ने गुरुद्वारा परिसर पर कथित तौर पर जबरन कब्जा जमा लिया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुरुद्वारे पहुंचे निहंगों ने वहां मौजूद सेवादार और एक स्थानीय बाबा के साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट कर दी। मारपीट की इस अप्रत्याशित घटना के बाद हंगामा बढ़ गया और कई निहंग सिख सीधे गुरुद्वारे की छत पर जा चढ़े।
इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया है। नगरासू गुरुद्वारे में हिंसक टकराव और तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर मुस्तैद है और छत पर चढ़े लोगों को नीचे उतारने के साथ ही स्थिति को शांत कराने के प्रयासों में जुटे हैं। कानून-व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।


