झाड़ियों ओर बिना नाली के बदहाल मोटरमार्ग दे रहे हादसों को न्योता।
लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से जनता में भारी रोष
जखोली: चिरबिटिया-तिलवाड़ा व मयाली-गुप्तकाशी मोटरमार्ग पर झाड़ियों ओर बिना नालियों के मानसून की दस्तक के साथ ही बरसात का पानी सड़कों के ऊपर बह रहा है, जिससे कई जगहों पर पुश्ते ढह चुके हैं। जल निकासी के लिए बने कॉजवे और स्क्रबर मलबे से बंद पड़े हैं।
स्थानीय निवासी उम्मेद सिंह राणा ने बताया कि मयाली बाजार में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से 100 मीटर आगे व राजकीय इंटर कॉलेज मयाली के सामने दो साल पहले टूटा पुश्ता आज तक नहीं सुधारा गया है, और न ही वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए हैं। हाल ही में मयाली-जखोली मोटरमार्ग पर कांडई गांव और जीआईसी के सामने गड्ढों व खराब सड़क के कारण दो मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। आक्रोशित क्षेत्रीय जनता का सवाल है कि विभाग की लापरवाही की कीमत वाहन स्वामी अपनी जान और माल को जोखिम में डालकर क्यों चुकाएं?
वही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने कहा कि नालियों के निर्माण, झाड़ियों के कटान के साथ-साथ पुश्तों को दुरुस्त करने का कार्य गतिमान है और जल्द ही स्थिति को सामान्य कर लिया जाएगा। सड़क किनारे पेयजल लाइन भी हैं जिसके कारण नालियां बनाना सम्भव नहीं हो रहा है इसके लिए जल संस्थान व जल निगम को अवगत कराया गया है।



