बजीरा जखोली मोटरमार्ग पर भैरव मंदिर मोड़ पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त।
महिला समेत दो की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर।
जखोली। जखोली-बजीरा मोटर मार्ग पर रामाश्रम इंटर कॉलेज के समीप भैरव मंदिर मोड़ के पास एक अनियंत्रित वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में वाहन सवार एक महिला समेत दो लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ (DDRF) के जवान, जखोली पुलिस और चौकी जखोली रेस्क्यू पुलिस टीम हेड कॉन्सo सुरेंद्र सिंह बिष्ट, कॉन्सo अनिल पयाल, हेड कॉन्सo चालक संतोष व स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल मौके पर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तुरंत 108 आपातकालीन सेवा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशपाल शाह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल ललूड़ी ग्राम निवासी चालक राजीव कुमार और बुढ़ना गांव निवासी छुमा देवी के सिर व जबड़े पर काफी गहरी चोटें आई हैं। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, दुर्घटना में घायल तीसरे यात्री गजेंद्र सिंह (निवासी ललूड़ी) का जखोली अस्पताल में ही उपचार चल रहा है और वर्तमान में उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



