रुद्रप्रयाग में पल्स पोलियो अभियान का आगाज।
पहले दिन 83 फीसदी बच्चों को मिली 'दो बूंद जिंदगी की।
रुद्रप्रयाग। जनपद में पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के राष्ट्रव्यापी अभियान का सफलतापूर्वक आगाज हो गया है। अभियान के पहले दिन जिले भर में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 83 प्रतिशत बच्चों को 'दो बूंद जिंदगी की' पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने अब पहले दिन बूथों पर आने से छूटे बच्चों को कवर करने के लिए कमर कस ली है, जिसके तहत 29 और 30 जून को विशेष घर-घर भ्रमण अभियान चलाया जाएगा।
जिला चिकित्सालय में आयोजित एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने एक नन्हे बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर इस महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए सेवा प्रदाताओं की सजगता बेहद जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अधिक जागरूक होने और अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को दवा पिलाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सुचारू संचालन के लिए पूरे जनपद को अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग, जखोली और ऊखीमठ जैसे चार प्रमुख सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में कुल 298 नियमित बूथ और 03 ट्रांजिट बूथ सहित कुल 301 बूथ स्थापित किए गए थे। जिले में इस बार शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 23,014 बच्चों को दवा पिलाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष पहले ही दिन 19,102 बच्चों को प्रतिरक्षित कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को बूथ तक नहीं पहुंच पाए, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें आगामी 29 और 30 जून को घर-घर जाकर खोजेंगी और पोलियो खुराक सुनिश्चित करेंगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे, जिनमें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, वैक्सीनेटर सुमन जुगराण व सिमरन, डीसी आईईसी हरेंद्र सिंह नेगी, डीईओ यशवंत सिंह, कोल्ड चेन तकनीशियन जयवीर सिंह तथा राजेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। सभी ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प दोहराया।


