तुंगनाथ मोटर मार्ग को लेकर धरना 28वें दिन भी जारी।
मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान।
चोपता। तुंगनाथ मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल-किनझाणी-तुंगनाथ संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को 28वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से तुंगनाथ क्षेत्र को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि मोटर मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक तुंगनाथ मोटर मार्ग की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने शासन-प्रशासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
धरने में समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी, सचिव वासुदेव नेगी, उपाध्यक्ष दीपक थपलियाल, सहसचिव धर्मेंद्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष राजीव नेगी, ललित मोहन, दर्शनी देवी, सुलोचना देवी, रजनी देवी, कविता देवी, अंजनी देवी, लक्ष्मी देवी, सुशीला देवी, माहेश्वरी देवी, बीरा देवी और सुमन देवी सहित अन्य आंदोलनकारी शामिल रहे।
समिति ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।


