केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा: नदी में गिरी तीर्थयात्रियों की कार, SDRF और पुलिस ने बचाई 5 जानें।
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीर्थयात्रियों से भरी एक अनियंत्रित कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी के किनारे जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमों ने तत्परता से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे सभी पांच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार प्रातःकाल लगभग 5:00 बजे जिला कंट्रोल रूम और डायल 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। दुर्घटनाग्रस्त वाहन महिंद्रा एक्सयूवी 700 (UP16-DK0856) में सवार सभी यात्री पश्चिम बंगाल से बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। चौकी तिलवाड़ा, कोतवाली अगस्त्यमुनि की पुलिस और 108 आपातकालीन सेवा ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पानी में अटके वाहन से बेहद सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों व्यक्तियों को सकुशल निकाला गया।
इस हादसे में कार सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है। वहीं, चालक समेत तीन पुरुषों को मामूली चोटें लगी हैं। सभी घायलों को खाई से निकालकर तुरंत 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घायलों की पहचान प्रिंस सिंह (झारखंड), सभीमा सिंह (पश्चिम बंगाल), सुजोन मुखर्जी व ऋजा मुखर्जी (असम) तथा चालक प्रदीप कुमार (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


