मूसलाधार बारिश से पैदल मार्ग और आवासीय भवनों के पुस्ते क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने मांगी कार्रवाई।
त्यूँखर से चिरबटिया जाने वाला एकमात्र पैदल मार्ग भी प्रभावित, कई भवनों पर मंडराया खतरा।
जखोली। क्षेत्र में रविवार को हुई मुसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। विकासखंड जखोली की ग्राम पंचायत त्यूँखर के खेंजवा नामी तोक में 31 अगस्त की शाम करीब पांच बजे हुई तेज बारिश से पैदल मार्ग सहित आवासीय भवनों के आंगन के आगे बने पुस्ते क्षतिग्रस्त हो गए। इससे प्रभावित भवनों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
भारी बारिश के चलते जयबृदि पंवार, पुत्र स्वर्गीय बिजेंद्र सिंह तथा महिपाल सिंह पंवार, पुत्र कुंदन सिंह के आवासीय भवनों के आंगन का करीब 15 मीटर पुस्ता क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा भवनों के आंगन के नीचे से होकर त्यूँखर से चिरबटिया जाने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार पैदल मार्ग का पुस्ता टूटने के कारण ही आवासीय भवनों के आंगन का पुस्ता भी प्रभावित हुआ। यह मार्ग त्यूँखर से चिरबटिया आने-जाने का एकमात्र पैदल रास्ता है, जिसका उपयोग प्रतिदिन दर्जनों ग्रामीण करते हैं।
वहीं, तेज बारिश से भगत सिंह, पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह के आवासीय भवन के समीप बने शौचालय के आगे का पुस्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया है। पुस्ता टूटने से शौचालय में दरारें पड़ गई हैं और लगातार बारिश होने की स्थिति में इसके और अधिक क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्राम प्रधान श्रीमती माधुरी बुटोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती प्रिया पंवार तथा ग्रामीणों ने राजस्व विभाग जखोली से मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुस्तों, पैदल मार्ग और शौचालय का निरीक्षण करने तथा आवश्यक कार्रवाई और सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।


