रूप सिंह रावत -सतपुली
पुलिस प्रताड़ना के आरोप में युवक नेय की आत्महत्या।
एसएसपी ने थानाध्यक्ष सतपुली को किया लाइन हाजिर।
कोटद्वार/सतपुली। सतपुली थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव रैतपुर में एक 21 वर्षीय युवक पंकज कुमार द्वारा पुल से लटककर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर सतपुली थानाध्यक्ष और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी लोकेशेश्वर सिंह (संदर्भित नाम सर्वेश पंवार) ने थानाध्यक्ष सतपुली को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की जांच एएसपी कोटद्वार को सौंप दी है।
घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार शाम पंकज कुमार सतपुली बाजार में बाइक चला रहा था, जिस दौरान उसकी बाइक एक व्यक्ति के पैर पर चढ़ गई। इस विवाद के बाद पुलिस युवक को थाने ले गई, जहाँ उसका चालान कर बाइक सीज कर दी गई। रात करीब 8 बजे पुलिस ने युवक को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया था। घर लौटने के बाद युवक ने अपने कमरे में एक वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी चोटें दिखाते हुए आरोप लगाया कि थाने में पुलिस ने उसके साथ मारपीट की और उसके रिश्तेदारों को अपशब्द कहे।
वीडियो पोस्ट करने के बाद युवक ने घर से कुछ दूरी पर स्थित भिताड़ा पुल पर दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह राहगीरों ने युवक का शव पुल से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। मृतक युवक गुजरात में एक कंपनी में काम करता था और हाल ही में अपनी बड़ी बहन की शादी में शामिल होने घर आया था। वह अपने परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था। एसएसपी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दे दिए गए हैं और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।


