रुद्रप्रयाग में 10 सहायक अध्यापकों की सेवा समाप्त

रुद्रप्रयाग में 10 सहायक अध्यापकों की सेवा समाप्त,
खबर शेयर करें:

 रुद्रप्रयाग: स्नातक में 50 प्रतिशत से कम अंक वाले 10 सहायक अध्यापकों की सेवा समाप्त

मामला वर्ष 2018 में उत्तराखंड सरकार द्वारा निकाली गई विशिष्ट बीटीसी (बीएड योग्यताधारी) भर्ती से जुड़ा है

रुद्रप्रयाग। जनपद में शिक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 सहायक अध्यापकों की सेवा समाप्त कर दी है। यह मामला वर्ष 2018 में उत्तराखंड सरकार द्वारा निकाली गई विशिष्ट बीटीसी (बीएड योग्यताधारी) भर्ती से जुड़ा है। सेवा समाप्ति का मुख्य कारण इन शिक्षकों का स्नातक स्तर पर निर्धारित न्यूनतम अर्हता अंक न होना बताया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में जनपद रुद्रप्रयाग में प्राइमरी स्तर पर आर्ट और साइंस विषयों के लिए वर्षवार मेरिट और प्राप्तांकों के आधार पर चयन प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस विज्ञप्ति में उन अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया था जिन्होंने बाहरी राज्यों से बीएड किया था। चयन समिति द्वारा शैक्षिक दस्तावेजों की गहन जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि चयनित सूची में शामिल 10 अभ्यर्थियों के स्नातक (Graduation) में 50 प्रतिशत से कम अंक थे। बेसिक शिक्षा नियमावली के स्पष्ट प्रावधानों के अनुसार, केवल वही व्यक्ति बीएड के माध्यम से प्राथमिक शिक्षक बन सकता है जिसने स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।

अर्हता पूरी न होने के कारण चयन समिति ने पूर्व में इनका चयन रोक दिया था, जिसके बाद इन अभ्यर्थियों ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के अंतरिम आदेश के आधार पर ही विभाग ने इन्हें नियुक्ति प्रदान की थी और स्कूल आवंटित किए थे। इनके नियुक्ति पत्र में भी यह स्पष्ट उल्लेख था कि इनका चयन न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।

हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा), रुद्रप्रयाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन सभी 10 शिक्षकों की सेवाएं अब तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। विभाग ने इस संबंध में संबंधित तहसीलदारों को भी पत्र भेजकर निर्देशित किया है कि यदि ये शिक्षक वर्तमान में जनगणना जैसे किसी राजकीय कार्य में तैनात हैं, तो उन्हें वहां से कार्यमुक्त कर नए कार्मिकों की नियुक्ति की जाए। सेवा समाप्ति की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->