रुद्रप्रयाग में कमरे से 32 वर्षीय युवक का शव बरामद, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस।
रुद्रप्रयाग। शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में 32 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मयाली के काण्डई गांव निवासी संदीप सिंह केतुरा, पुत्र उम्मेद सिंह केतुरा, का शव रुद्रप्रयाग स्थित उसके कमरे से बरामद हुआ। कमरे से दुर्गंध आने के बाद परिचितों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार संदीप कुछ समय से रुद्रप्रयाग में रह रहा था और एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के यहां खाना बनाने का काम करता था। पिछले कुछ दिनों से संपर्क नहीं होने पर परिचितों ने फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे उसके कमरे पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो संदीप अंदर मृत मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। बताया गया है कि संदीप जिस चिकित्सक के यहां काम करता था, उसे कुछ दिन पहले विजिलेंस ने रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, युवक की मौत का उस मामले से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।


