पंतनगर किसान मेले में रुद्रप्रयाग के अजय नेगी सम्मानित, नौकरी छोड़ खेती से कमा रहे 60-70 हजार रुपये माह।
पंतनगर में आयोजित 120वें अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी में रुद्रप्रयाग जिले के युवा कृषक अजय नेगी को प्रगतिशील कृषक सम्मान से सम्मानित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने उत्तराखंड के नौ जिलों के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।
विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत भणज निवासी अजय नेगी ने संविदा नौकरी छोड़कर खेती और बागवानी को रोजगार का माध्यम बनाया। अजय नेगी के अनुसार, वर्ष 2019-20 में पिता के स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें संविदा नौकरी छोड़कर गांव लौटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ लेते हुए कृषि और बागवानी को आगे बढ़ाया।
वर्तमान में वह 12 नाली से अधिक भूमि पर धान, दलहन, मंडुवा, झंगोरा, कीवी, माल्टा, नारंगी, कागजी नींबू, ब्रोकली, मिर्च और अदरक का उत्पादन कर रहे हैं। कीवी और माल्टा उनकी आय के प्रमुख स्रोत हैं। इसके साथ ही उन्होंने जूस का छोटा कारोबार भी शुरू किया है।
अजय नेगी के मुताबिक खेती-बागवानी से वह वर्तमान में करीब 60 से 70 हजार रुपये प्रतिमाह तक आय अर्जित कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहाड़ में कृषि और बागवानी को आधुनिक तरीके से अपनाकर युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।


