वन्यजीव सप्ताह में मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व का संदेश, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम।
रुद्रप्रयाग- वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की दक्षिणी और उत्तरी जखोली रेंज में विभिन्न विद्यालयों एवं ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई।
दक्षिणी जखोली रेंज की ओर से दीपक डिमरी राजकीय इंटर कॉलेज स्वीली-सेम में आयोजित कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर वन्यजीवों के व्यवहार, संघर्ष के कारणों, आवश्यक सावधानियों और सहअस्तित्व के महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विद्यालय और आसपास के गांव की हैजर्ड मैपिंग कर वन्यजीवों की आवाजाही वाले संभावित क्षेत्रों को चिन्हित किया। साथ ही ‘वन्यजीव सह-अस्तित्व’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
उत्तरी जखोली रेंज में राजकीय इंटर कॉलेज पटालीधार, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पांडवथली, राजकीय इंटर कॉलेज सिद्धसौड़ और जनता हाईस्कूल रणधार में चित्रकला प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलित सहअस्तित्व का संदेश दिया। सीनियर एवं जूनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न ग्राम सभाओं में जागरूकता गोष्ठियां आयोजित कर ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव और सुरक्षित व्यवहार की जानकारी दी गई। स्थानीय युवाओं के सहयोग से रात्रि गश्त भी की गई।
कार्यक्रमों में वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली सुरेंद्र सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। वन विभाग के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समुदाय और युवा पीढ़ी में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व की भावना को मजबूत करना है।






