श्रीनगर गढ़वाल में फूटा युवाओं का गुस्सा

NEET UG पेपर लीक 2026,
खबर शेयर करें:

 NEET UG पेपर लीक: श्रीनगर गढ़वाल में फूटा युवाओं का गुस्सा, NSUI ने निकाला विशाल मशाल जुलूस।

श्रीनगर (गढ़वाल)। NEET UG परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के आरोपों को लेकर उत्तराखंड के श्रीनगर गढ़वाल में छात्रों और युवाओं का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। शनिवार देर शाम नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बैनर तले स्थानीय छात्रों और कार्यकर्ताओं ने परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ एक विशाल मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर से शुरू हुआ यह जुलूस शहर के विभिन्न मुख्य चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान आंदोलित युवाओं ने केंद्र सरकार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाथों में जलती मशालें और विरोध की तख्तियां थामे प्रदर्शनकारी छात्रों ने “NTA जवाब दो”, “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” और “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे परिसर और शहर को गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने केंद्र सरकार और परीक्षा नियामक संस्था को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में हुई इस भारी अनियमितता ने लाखों गरीब और मेहनती छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि NTA परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

जुलूस में शामिल छात्र नेताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से देश की पूरी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से युवाओं का भरोसा उठ चुका है। छात्रों ने केंद्र सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और पेपर लीक माफिया सहित दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि प्रभावित छात्रों को जल्द न्याय नहीं मिला और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार नहीं किया गया, तो इस आंदोलन को पूरे उत्तराखंड में और उग्र रूप दिया जाएगा। इस आक्रोशपूर्ण मशाल जुलूस में छात्र नेता सूरज नेगी, मयंक बहुगुणा, मोहित राणा, अखिल राणा सहित विभिन्न कॉलेजों और गढ़वाल विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र व युवा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->