रुद्रप्रयाग जजशिप में 'सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन' अभियान की शुरुआत।
निजी वाहनों के प्रयोग न करने का संकल्प।
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जनपद में 15 मई से एक माह तक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में जिला न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष नीना अग्रवाल की अध्यक्षता में जजशिप सभागार में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश नीना अग्रवाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत और सुरक्षित व स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत आगामी एक माह तक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को समस्त न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादियों को अदालतों में आने-जाने के लिए निजी वाहनों का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बजाय उन्हें सार्वजनिक परिवहन, साइकिल या पैदल आवागमन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने ईंधन संरक्षण एवं राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। गोष्ठी में सिविल जज (सी.डि.)/सचिव पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार, सिविल जज अमित कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार, विकास कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी ऋचा कोठियाल सहित जजशिप के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।


