रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने कसी कमर: आगामी विधानसभा चुनाव और राहुल गांधी के दौरे को लेकर मयाली में मंथन।
प्रत्येक बूथ मजबूत' का नारा देते हुए जमीनी स्तर पर पकड़ बनाने पर जोर।
मयाली (रुद्रप्रयाग)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर रुद्रप्रयाग कांग्रेस ने अभी से कमर कस ली है। इसी कड़ी में मयाली में ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 04 मई 2026 को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पौड़ी आगमन की तैयारियों को अंतिम रूप देना और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुटता की अपील की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता का मोहभंग हो चुका है, जिसका विकल्प कांग्रेस को बनना होगा। वहीं, जखोली ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली ने 'प्रत्येक बूथ मजबूत' का नारा देते हुए जमीनी स्तर पर पकड़ बनाने पर जोर दिया।
बैठक में भितरघात और टिकट वितरण के बाद होने वाले मनमुटाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं घ्यालु लाल और हरीश सिंह पुंडीर ने सख्त लहजा अपनाया। उन्होंने साफ किया कि चुनाव में प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, सभी को एकजुट होकर काम करना होगा और कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने वाली अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अंत में जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कंडारी ने सभी को आश्वस्त किया कि हर कार्यकर्ता का सम्मान सर्वोपरि है। संगठन हित में सभी के विचारों पर मंथन किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 2027 के चुनाव में पार्टी एकजुट होकर प्रदर्शन करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी, ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह, ब्लॉक प्रमुख विनीता चमोली, पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान शीला भण्डारी, अंकुर रौथाण, हरीश सिंह पुण्डीर, राजेश्वरी देवी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेन्द्रदत्त सकलानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।



