महिला रामलीला: शबरी मिलन और हनुमान प्राकट्य के दृश्यों ने दर्शकों को किया भावविभोर।
अगस्त्यमुनि। हिमालयन वीरांगना संस्था द्वारा आयोजित भव्य महिला रामलीला के सातवें दिन भक्ति, समर्पण और वीरता से ओतप्रोत प्रसंगों का जीवंत मंचन किया गया, जिसने पंडाल में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान शबरी-श्रीराम मिलन, राम-लक्ष्मण व हनुमान प्राकट्य और सुग्रीव मित्रता सहित बाली वध की लीलाओं का अत्यंत प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ।
शबरी मिलन के प्रसंग ने जहाँ एक ओर भक्ति और अटूट श्रद्धा की पराकाष्ठा को जीवंत किया, वहीं श्रीराम और हनुमान जी के प्रथम मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। लीला में हनुमान जी की भूमिका निभा रही कलाकार द्वारा गाए भजन "मैंने रघुवर दर्शन पाए हैं" को सुनकर उपस्थित श्रद्धालुओं की आँखें नम हो गईं। महिला कलाकारों के सशक्त अभिनय और संवाद अदायगी ने पूरी रामलीला में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील भट्ट एवं शाकंभरी खत्री ने शिरकत की। उन्होंने कलाकारों के अभिनय की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया। इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर कुसुम नेगी, शर्मिला बगवाड़ी, रागिनी नेगी, ताजवीर बिष्ट, जितेंद्र रावत, हिमांशु पंवार, शिवानी भट्ट और अमिता कुंवर सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।


