रुद्रप्रयाग में प्रशासन का बड़ा एक्शन: गुप्तकाशी में मेडिकल स्टोर सील, तीन का चालान।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम का औचक निरीक्षण।
रुद्रप्रयाग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गुप्तकाशी क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जिला न्यायाधीश के मार्गदर्शन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पायल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक मेडिकल स्टोर को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया, जबकि तीन अन्य प्रतिष्ठानों के चालान काटे गए।
जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के मद्देनजर चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान में सहायक आयुक्त मनोज कुमार सेमवाल, औषधि निरीक्षक अमित कुमार आजाद और खाद्य पूर्ति अधिकारी कैलाश टम्टा शामिल रहे। टीम ने क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों, होटलों और रेस्टोरेंटों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट की गहन जांच की। कई रेस्टोरेंटों में गंदगी मिलने पर संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई। सचिव पायल सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि वे कोई भी सामान या दवा खरीदते समय निर्माण और अवसान तिथि (एक्सपायरी डेट) की जांच जरूर करें। अधिकारियों को भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


