रुद्रप्रयाग का चहुंमुखी विकास सरकार की प्राथमिकता।
अंतिम छोर तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ: भरत सिंह चौधरी।
रुद्रप्रयाग। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक भरत सिंह चौधरी ने विधानसभा क्षेत्र के उच्छोला, माथ्यागांव, भुनालगाँव, बक्शीर, डांगी, खोड़, अरखुंड सहित करीब एक दर्जन गांवों का सघन भ्रमण कर जनसंवाद किया। पारंपरिक रीति-रिवाज से हुए भव्य स्वागत के बीच मंत्री ने मातृशक्ति, बुजुर्गों और युवाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल किल्लत, क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग, उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व दवाओं की कमी, स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद और वन्यजीवों से फसलों को नुकसान जैसी प्रमुख समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जनसमस्याओं की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही मौजूद लोनिवि, जल संस्थान, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को रेखांकित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मूलमंत्र पर चलते हुए पर्वतीय क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के लिए कटिबद्ध है। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, उपाध्यक्ष ऋतु नेगी और भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।


