ओवरटेक के प्रयास में बस ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल।
सौड़ी-बेडूबगड़ के बीच हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को श्रीनगर बेस अस्पताल किया रेफर।
अगस्त्यमुनि। रुद्रप्रयाग जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सौड़ी-बेडूबगड़ के बीच एक तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब मोड़ पर बस चालक एक कार को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक बस की चपेट में आ गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तत्काल अगस्त्यमुनि अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान हैप्पी बिष्ट (19) निवासी बरमवाड़ी और विवेक कंडारी (22) निवासी परकंडी के रूप में हुई है।
अगस्त्यमुनि अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. शिवानी बिष्ट ने बताया कि घायल हैप्पी बिष्ट के कान से खून निकल रहा था, जबकि विवेक कंडारी के कान में गंभीर चोट आई थी। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर चिंता जताई जा रही है।

