केदारनाथ धाम में बर्फबारी से निखरा प्राकृतिक सौंदर्य, सफेद चादर से ढकीं ऊंची पर्वत चोटियां।
केदारनाथ। लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ धाम के आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने से केदारपुरी का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर गया है। बर्फ की सफेद चादर से ढकी पर्वत चोटियां श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे श्रद्धालु यहां के मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले रहे हैं।
केदारनाथ मंदिर के पीछे स्थित ऊंची पर्वत चोटियों और हेलीपैड क्षेत्र में बर्फबारी के बाद चारों ओर सफेद बर्फ की परत दिखाई देने लगी है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम के बदले मिजाज के साथ केदारपुरी में ठंड भी बढ़ गई है। बुधवार सुबह तक बर्फबारी थम गई, लेकिन बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा केदार के दर्शन को लेकर उत्साह बना हुआ है।
धाम में बर्फबारी के बाद प्राकृतिक नजारे और अधिक आकर्षक हो गए हैं। एक ओर भगवान शिव के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति करा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बर्फ से ढकी हिमालय की ऊंची चोटियां केदारपुरी की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं। मौसम में आए बदलाव से क्षेत्र में सर्दी का असर बढ़ने लगा है।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में हुई बर्फबारी से केदारपुरी की खूबसूरती और बढ़ गई है। बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां धाम के प्राकृतिक आकर्षण को और भव्य बना रही हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ पहुंच रहे श्रद्धालु इन मनमोहक दृश्यों के बीच बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं।

