जखोली में खरगेड़ सड़क के लिए दूसरे दिन भी श्रमदान, शासन-प्रशासन पर उठे सवाल

खरगेड़ सड़क निर्माण, चौण्डा पालीगाड़ मुरचौण्डा सड़क, जखोली समाचार, उत्तराखंड क्रांति दल, अर्जुन कंडारी, ग्रामीणों का श्रमदान,
खबर शेयर करें:

 

खरगेड़-चौण्डा-पालीगाड़-मुरचौण्डा सड़क के लिए दूसरे दिन भी श्रमदान, शासन-प्रशासन की बेरुखी पर उठे सवाल।

खरगेड़-चौण्डा-पालीगाड़-मुरचौण्डा सड़क के लिए दूसरे दिन भी श्रमदान

दो किलोमीटर सड़क के लिए ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता और मातृशक्ति भी जुटे।

जखोली- विकासखंड जखोली के अंतर्गत खरगेड़ गांव की चौण्डा-पालीगाड़-मुरचौण्डा सड़क का निर्माण वर्षों से लंबित होने के चलते ग्रामीणों ने अब स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा शुरू किया गया श्रमदान दूसरे दिन भी पूरे उत्साह और संकल्प के साथ जारी रहा। इस अभियान में उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया और सड़क काटने के कार्य को आगे बढ़ाया। दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए श्रमदान किया। 

   अभियान में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी, जिला संरक्षक सूरत सिंह, जिला महामंत्री अजीत सिंह, जिला प्रचार मंत्री प्रदीप बिष्ट, ब्लॉक संगठन मंत्री मान्वेंद्र रावत, प्रवीण चौधरी, अशोक चौधरी और दिनेश कठैत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, खरगेड़ के ग्राम प्रधान अजय पुंडीर, क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश राणा, ग्रामीण जशोधर सेमवाल तथा अन्य ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण के लिए श्रमदान किया। ग्रामीणों की बढ़ती भागीदारी से अभियान को गति मिल रही है। 

  इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी ने कहा कि ग्रामीण पिछले दो दिनों से अपने हाथों से सड़क काटने में जुटे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया गया है। उन्होंने इसे जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता बताते हुए कहा कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक श्रमदान और संघर्ष जारी रहेगा। 

   वर्षों से लंबित सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का यह प्रयास क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की जरूरत को रेखांकित करता है। अब ग्रामीणों को शासन-प्रशासन की पहल और सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->