मैदान के समतलीकरण के बाद ही होगा मंदाकिनी शरदोत्सव, अगस्त्यमुनि खेल मैदान की बदहाली पर उठे सवाल।
अगस्त्यमुनि। अगस्त्यमुनि खेल मैदान की बदहाल स्थिति ने मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक मेले की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेला आयोजन से पहले मैदान का समतलीकरण कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में गुरुवार को नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के सभागार में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि मैदान की स्थिति सुधारने के लिए केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल से मुलाकात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी। मैदान दुरुस्त होने के बाद ही मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में अगस्त्यमुनि सैण बचाओ समिति के अध्यक्ष राजेश बेंजवाल ने कहा कि खेल मैदान में जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हैं और बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। ऐसी स्थिति में यहां मेले जैसे बड़े आयोजन कराना चुनौतीपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए मैदान का समतलीकरण और सफाई आवश्यक है। मेला समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल ने कहा कि मैदान की सफाई नगर पंचायत के माध्यम से कराई जाएगी। बैठक में सहमति बनी कि मैदान को व्यवस्थित करने के लिए विधायक से मुलाकात कर समतलीकरण की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। मैदान की बदहाली दूर होने के बाद ही मेले की तैयारियों को गति दी जाएगी। बैठक में मेला समिति के संयोजक विक्रम सिंह नेगी, योगेश बेंजवाल, दीपा देवी आर्य, शेखर नौटियाल, बिपिन रावत, रोहित रावत, प्रमोद बर्तवाल, संदीप नेगी, सुरजीत रावत, त्रिभुवन नेगी, धर्म सिंह, हर्ष प्रीतम और रजनी रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

