चिरबिटिया में 1 और 2 नवंबर को होगा दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी, किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीकों की जानकारी।
रुद्रप्रयाग। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के पर्वतीय कृषि महाविद्यालय, चिरबिटिया परिसर में आगामी 1 और 2 नवंबर 2026 को दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को कृषि एवं औद्यानिकी की आधुनिक तकनीकों, उन्नत बीजों और वैज्ञानिक खेती की नवीनतम जानकारियों से अवगत कराना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बी.पी. भट्ट ने बताया कि मेले में किसान-वैज्ञानिक संवाद, उन्नत बीज एवं पौधों की उपलब्धता, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, विपणन और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। बकार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ महिला मंगल दलों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से क्षेत्रीय किसानों और आमजन से किसान मेला सह प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है। वहीं, लुठियाग के ग्राम प्रधान लुठियाग सुदीपा देवी व पूर्व प्रधान रूप सिंह ने कहा कि इस आयोजन से स्थानीय किसानों को खेती की नई तकनीकों को समझने और उन्हें अपनाने का अवसर मिलेगा। इससे पर्वतीय कृषि को प्रोत्साहन मिलने के साथ किसानों की आजीविका मजबूत करने में भी मदद मिल सकती है।

