रुद्रप्रयाग: खरगेड़ के तीन तोकों में छठवें दिन भी सड़क निर्माण जारी

खरगेड़ सड़क निर्माण, चौंडा मुरचौंडा पालीगाढ़ सड़क, रुद्रप्रयाग समाचार, उत्तराखंड क्रांति दल, आशीष नेगी, अर्जुन कंडारी, ग्रामीण सड़क आंदोलन,
खबर शेयर करें:


खरगेड़ के चौंडा, मुरचौंडा और पालीगाढ़ में छठवें दिन भी जारी रहा सड़क निर्माण, उक्रांद नेताओं ने उठाई गैंती-फावड़ा।

खरगेड़, चौण्डा मोटरमार्ग पर ग्रामीणों के साथ UKD ने उठाया गेंती फावड़ा

युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी और महामंत्री अर्जुन कंडारी ग्रामीणों के साथ जुटे श्रमदान में, वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीण

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के खरगेड़ ग्रामसभा के तोक चौंडा, मुरचौंडा और पालीगाढ़ में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं का संघर्ष छठवें दिन भी जारी रहा। वर्षों से लंबित सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीण स्वयं श्रमदान कर सड़क निर्माण में जुटे हैं। बुधवार को युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ गैंती-फावड़ा उठाया और श्रमदान कर आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी और संरक्षक सूरत सिंह झिंकवान भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे।

आशीष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन पहाड़ के लोगों की उम्मीदों, अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हुआ था, लेकिन राज्य गठन के वर्षों बाद भी अनेक गांव सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक शासन-प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद ग्रामीणों को स्वयं गैंती-फावड़ा उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों और पहाड़ की जमीनी हकीकत के बीच अंतर को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों का वास्तविक विकास सुनिश्चित करने के लिए घोषणाओं के बजाय धरातल पर ठोस कार्य करने की आवश्यकता है।

उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री अर्जुन कंडारी ने कहा कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीणों के बेहतर जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की मांग पूरी होने तक उक्रांद ग्रामीणों के साथ खड़ा रहेगा। वहीं, दल के संरक्षक सूरत सिंह झिंकवान ने ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना करते हुए शासन-प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाने और सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।

उक्रांद ने सरकार से सवाल किया कि चुनाव के दौरान गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के वादे किए जाते हैं, लेकिन सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के मामले में ग्रामीणों को इंतजार क्यों करना पड़ रहा है। इस अवसर पर प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष अजय पुंडीर, जशोधर सेमवाल सहित कई युवा और महिलाएं मौजूद रहीं।


खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->