देहरादून में ED की दस्तक, चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख नकदी और सोने के सिक्के बरामद।
UKSSSC VPDO परीक्षा-2016 अनियमितता मामले में कई ठिकानों पर तलाशी, पूर्व CM हरीश रावत के OSD और PA रहे जीना के आवास पर भी पहुंची टीम
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की वर्ष 2016 की VPDO परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने देहरादून में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 10 सितंबर को ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय की टीम ने की। जांच के दौरान तत्कालीन UKSSSC से जुड़े पदाधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों के ठिकानों को भी जांच के दायरे में लिया गया।
ED की तलाशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल के दौरान OSD और PA रहे चंदन सिंह जीना के आवास तक भी पहुंची। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, तलाशी के दौरान उनके आवास से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, लगभग 200.5 ग्राम सोने के सिक्के और चेन तथा 12 लग्जरी घड़ियां बरामद होने की बात सामने आई है। बरामदगी और संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की जांच ED द्वारा की जा रही है।
जांच के दायरे में उस समय UKSSSC से जुड़े तत्कालीन अध्यक्ष-सचिव, परीक्षा नियंत्रक, OMR शीट की प्रोसेसिंग का काम करने वाली निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक तथा कथित बिचौलियों से जुड़े ठिकाने भी शामिल बताए गए हैं।
ED के मुताबिक, वर्ष 2014 से 2017 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में OSD और PA के पद पर रहे चंदन सिंह जीना का आवास भी इसी जांच के तहत तलाशी के दायरे में आया है।
VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं का मामला लंबे समय से जांच एजेंसियों के रडार पर है। ED ने इससे जुड़े मामलों में उत्तराखंड पुलिस की FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। ED ने पहले भी UKSSSC की VPDO/VDO परीक्षा सहित अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक से जुड़े मामलों में कार्रवाई की है।
ताजा तलाशी के दौरान बरामद नकदी, सोना और अन्य सामान की जांच की जा रही है। ED की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


