ग्रामीण सड़कों पर झाड़ियों से बढ़ा खतरा, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल।
जखोली। विकासखंड जखोली की ग्रामीण सड़कों के दोनों ओर उगी घनी झाड़ियों से राहगीरों और स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए खतरा बढ़ गया है। रतनगढ़-रहड़, गोरपा-कुरछोला तथा सुमाड़ी-सिलगांव-सकलाना मोटर मार्ग पर जगह-जगह झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं। इससे सड़क के मोड़ों पर सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। वहीं क्षेत्र गुलदार प्रभावित होने के कारण झाड़ियों में जंगली जानवरों के छिपे होने का खतरा भी बना हुआ है।
श्री वासुदेव टैक्सी सूमो यूनियन के अध्यक्ष हरीश पुंडीर ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़कों के किनारे तेजी से झाड़ियां उग आई हैं। विशेषकर मोड़ों पर झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
दक्षिणी जखोली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि झाड़ियां जंगली जानवरों के छिपने के लिए अनुकूल स्थान होती हैं। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के लिए लोगों से अपने आसपास झाड़ियों को अनावश्यक रूप से बढ़ने नहीं देने की अपील की।
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने कहा कि लगातार बारिश के कारण झाड़ियों की सफाई का कार्य प्रभावित हुआ है। बारिश रुकते ही सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को हटाने का कार्य कराया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता संजीव कुमार सैनी ने बताया कि विभाग की ओर से सड़कों से झाड़ियां हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।


