भणगा में ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर, 14 शिकायतों में 11 का मौके पर निस्तारण।
जखोली। विकासखंड के ग्राम भणगा में मंगलवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन संवाद-जनता दरबार आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि शिविर में कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष तीन शिकायतें संबंधित विभागों को भेजकर निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने गांव की पेयजल व्यवस्था और संपर्क मार्गों की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और जलाशय की मरम्मत के लिए कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या बनी हुई है। विभिन्न बस्तियों में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग भी उठाई गई। शिमिला तोक के ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से उन्हें संपर्क मार्ग और समुचित पेयजल सुविधा का इंतजार है।
सेवायोजन विभाग के अनुदेशक किशन सिंह रावत ने कौशल विकास एवं रोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए जर्मन और जापानी भाषा का निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।


