ब्रेक फेल होने से सड़क से नीचे गिरी टाटा सूमो, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।
त्रियुगीनारायण से हरिद्वार जा रही टाटा सूमो के अचानक ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन सवार कोलकाता के सभी आठ यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। चालक की सूझबूझ और तत्परता के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के अनुसार टाटा सूमो में कोलकाता के आठ यात्री सवार थे। वाहन त्रियुगीनारायण से हरिद्वार की ओर जा रहा था। त्रियुगीनारायण से करीब सात किलोमीटर आगे स्याल्द मोड़ के समीप अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने स्थिति को संभालने और वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन सूमो सड़क से नीचे उतर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों की मदद में जुट गए। सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सेमवाल के अनुसार स्थानीय लोगों ने रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को सड़क तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि हादसे में वाहन सवार सभी आठ यात्री सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद यात्रियों ने सकुशल बचने पर भगवान केदारनाथ का आभार जताया। स्थानीय लोगों की तत्परता और चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।


