चिरबटिया-सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे सवाल

जखोली चिरबटिया समाचार, रुद्रप्रयाग टिहरी सीमा, चिरबटिया सुरक्षा व्यवस्था, चिरबटिया CCTV कैमरा खराब, रुद्रप्रयाग CCTV कैमरा, जखोली समाचार,
खबर शेयर करें:

चिरबटिया में खराब पड़ा सीसीटीवी कैमरा, सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे सवाल।

कोरोना काल में निगरानी के लिए लगाया गया था कैमरा, ग्रामीणों ने फिर उठाई मरम्मत और नए कैमरे लगाने की मांग।

जखोली। जनपद रुद्रप्रयाग और टिहरी की सीमा से सटे महत्वपूर्ण कस्बे चिरबटिया में कोरोना काल के दौरान निगरानी के लिए लगाया गया सीसीटीवी कैमरा लंबे समय से खराब पड़ा है। कैमरा खराब होने से क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खराब कैमरे को तत्काल दुरुस्त कराने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार क्षेत्र में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।

चिरबटिया कस्बा रुद्रप्रयाग-टिहरी सीमा के मध्य स्थित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। यह क्षेत्र ग्राम लुठियाग के अंतर्गत आता है। यहां स्थानीय लोगों की दुकानें और लॉज भी हैं। प्रतिदिन स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में मुख्य स्थान पर लगा सीसीटीवी कैमरा लंबे समय से बंद होने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार कोरोना काल में बाहरी लोगों और वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखने के उद्देश्य से आपदा नियंत्रण व्यवस्था के तहत चिरबटिया में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था। हालांकि, लंबे समय से कैमरा खराब पड़ा है और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सीमांत क्षेत्र होने के कारण यहां विभिन्न स्थानों से वाहनों और बाहरी लोगों का आवागमन लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी स्थिति में निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाना आवश्यक है।

ग्राम प्रधान श्रीमती सुदीपा मैहरा, पूर्व प्रधान रूप सिंह मैहरा, सामाजिक कार्यकर्ता सैन सिंह मैहरा तथा व्यापारी धनवीर सिंह, कमल सिंह, हरीश सिंह और पूर्व उपप्रधान रूप सिंह कैन्तूरा ने प्रशासन से खराब पड़े सीसीटीवी कैमरे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि पुराना कैमरा मरम्मत योग्य नहीं है तो उसके स्थान पर नया कैमरा लगाया जाए और क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जाएं।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि कैमरा आखिर कब से खराब है और अब तक इसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। उन्होंने कैमरे के रखरखाव की जिम्मेदारी तय करने और चिरबटिया में प्रभावी निगरानी व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->