बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता: खेतों में गिरी धान की फसल, 35 से 40 फीसदी नुकसान का अनुमान

जखोली में धान की फसल का नुकसान लगातार बारिश से धान की फसल बर्बाद, उत्तराखंड में धान की फसल, रुद्रप्रयाग धान की फसल, जखोली धान उत्पादन
खबर शेयर करें:

 

लगातार बारिश से धान की खड़ी फसल जमीन पर गिरी, उत्पादन में 35 से 40 फीसदी नुकसान का अनुमान।

जखोली। लगातार हो रही बारिश ने क्षेत्र के धान उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पकने को तैयार धान की खड़ी फसल बारिश के कारण जमीन पर गिर गई है। इससे जहां कटाई में देरी हो रही है, वहीं उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। आईआरडी फाउंडेशन के निदेशक विजय पाल सिंह के अनुसार, इस बार धान की फसल में करीब 35 से 40 फीसदी तक उत्पादन नुकसान का अनुमान है।

उन्होंने बताया कि अगस्त माह में अनियमित बारिश के कारण धान की फसल प्रभावित हुई। फूल आने की अवस्था में अधिक बारिश होने से दाना बनने की प्रक्रिया पर असर पड़ा। वहीं, पौधों की अत्यधिक बढ़वार के कारण फसल कमजोर हो गई। अब कटाई के समय लगातार बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल पसर गई है, जिससे किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

काश्तकार सतेश्वरी देवी, दुर्गा देवी, संतोषी देवी, रेनू देवी, रीता देवी और पुष्पा देवी ने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में धान की कटाई 25 सितंबर तक पूरी हो जाती है, लेकिन इस बार बारिश के चलते फसल अभी खेतों में खड़ी है। लगातार पानी पड़ने से धान के दाने झड़कर जमीन पर गिरने लगे हैं। किसानों को आशंका है कि उन्हें फसल से लागत के बराबर भी उत्पादन नहीं मिल पाएगा।

अतिवृष्टि का असर जखोली, अगस्त्यमुनि सहित जिले के प्रमुख धान उत्पादक गांवों में भी देखने को मिल रहा है। कोठियाड़ा, चंदी, रहड़, भणंगा, तुनेटा, लावड़ी, पांजणा, डांगी, हरियाली, रूमसी और भोंसाल समेत कई गांवों में इस वर्ष धान का उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है।

कृषि एवं उद्यान विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र प्रसाद कुकसाल ने कहा कि पलायन से जूझ रहे पहाड़ में अब खेती मुख्य रूप से सीमित आय के साधन वाले परिवार और बुजुर्ग किसान कर रहे हैं। कई गांवों में 30 से 70 प्रतिशत तक पलायन हो चुका है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसानों की आर्थिक स्थिति और कठिन हो सकती है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बचाए रखने के लिए किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के प्रति प्रभावी संरक्षण और सहायता की आवश्यकता है।

खबर पर प्रतिक्रिया दें 👇
खबर शेयर करें:
Next
This is the most recent post.
Previous
पुरानी पोस्ट

हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ें-

WhatsApp पर हमें खबरें भेजने व हमारी सभी खबरों को पढ़ने के लिए यहां लिंक पर क्लिक करें -

यहां क्लिक करें----->