आपदा प्रभावित किमाणा-खाटली पहुंचे मंत्री भरत चौधरी, राहत कार्य तेज करने के निर्देश।
जखोली रुद्रप्रयाग- विकासखंड जखोली के किमाणा-खाटली क्षेत्र में जमीन दरकने और आवासीय भवनों पर बने खतरे के बीच रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाओं की शीघ्र बहाली के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान किमाणा ग्राम सभा के खाटली क्षेत्र में जमीन दरकने और आवासीय भवनों को बने खतरे की जानकारी ली गई। वहीं किमाणा ग्राम सभा के दानकोट में श्रीमती कबूतरा देवी के आवासीय भवन पर भी खतरे की स्थिति सामने आई। मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने किमाणा ग्राम सभा में बाधित पैदल रास्तों की बहाली के लिए दो लाख रुपये तथा खाटली के लिए एक लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने जल संस्थान रुद्रप्रयाग को सड़क पर बंद पड़ी जल निकासी व्यवस्था से पानी की निकासी कराने तथा सिंचाई विभाग को गांव के नीचे दरकी भूमि के उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने तथा भूगर्भीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यकता पड़ने पर विस्थापन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क, पेयजल और पैदल मार्गों की क्षति का शीघ्र आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
इस अवसर पर तहसीलदार बसुकेदार प्रणव पांडेय, ओम प्रकाश बहुगुणा, मंडल अध्यक्ष विनोद कंडारी, दरम्यान जखवाल, यशवीर चौहान, प्रदीप रावत, विपिन रौथाण, जगदीश नेगी, विनोद मैठाणी, सज्जन भंडारी, ग्राम प्रधान पवन कुमार, पूर्व प्रधान प्रमिला देवी सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।






