10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानों की तालाबंदी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी।
रुद्रप्रयाग। ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेशव्यापी आह्वान पर बुधवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में प्रधानों ने 10 सूत्रीय मांगों को लेकर तालाबंदी आंदोलन किया। जखोली और अगस्त्यमुनि विकासखंड मुख्यालय में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधानों ने कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन कर सरकार और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जखोली में ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष अजय पुण्डीर के नेतृत्व में ग्राम प्रधान विकासखंड मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय में तालाबंदी की। प्रधानों ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में लगातार आ रही व्यावहारिक दिक्कतों और प्रधानों के अधिकारों में कटौती से पंचायती राज व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अध्यक्ष अजय पुण्डीर ने कहा कि प्रदेश संगठन की 10 सूत्रीय मांगें ग्राम पंचायतों के हित और प्रधानों के अधिकारों से जुड़ी हैं। मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन चरणबद्ध रूप से जारी रखने की बात कही गई।
अगस्त्यमुनि में जिलाध्यक्ष प्रधान संगठन विजयपाल सिंह जगवाण की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय परिसर में सांकेतिक धरना दिया और तालाबंदी की। ब्लॉक अध्यक्ष मनोज वैष्णव ने कहा कि प्रधान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
प्रधानों ने विशेष रूप से वीबी-रामजी योजना के कार्यों में ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था समाप्त कर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति से ग्राम स्तर पर विकास कार्यों के संचालन में व्यावहारिक कठिनाइयां बढ़ी हैं।
प्रधान संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।





