मां नंदा की पूजा के साथ पांच दिवसीय दशज्यूला महोत्सव शुरू।
चोपता। जगतोली स्थित क्रीड़ा मैदान में शनिवार को पांच दिवसीय दशज्यूला महोत्सव का मां नंदा की पूजा-अर्चना के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक आशा नौटियाल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेले और महोत्सव हमारी सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। जगतोली का यह मेला लंबे समय से क्षेत्र की परंपराओं और लोक संस्कृति से जुड़ा हुआ है। उन्होंने पहली बार महोत्सव को पांच दिवसीय किए जाने पर मेला समिति के प्रयासों की सराहना की।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन कांडपाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता से विचार-विमर्श के बाद इस वर्ष पहली बार पांच दिवसीय दशज्यूला महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि स्थानीय लोगों और आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इससे पूर्व जगतोली स्थित मां नंदा देवी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। ग्रामीणों ने मां नंदा के भजन-कीर्तन कर श्रद्धा प्रकट की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद क्रीड़ा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, मेला समिति के सचिव कलिका कांडपाल, राइंका कांडई के प्रधानाचार्य एसके गांधियान, शिव शक्ति स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह करासी, षडानन संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य सच्चिदानंद नौटियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी, सामाजिक कार्यकर्ता दर्शन सिंह जग्गी, विजयपाल सिंह कठैत, सतवीर सिंह जग्गी और लक्ष्मण सिंह नेगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन आरएस बर्त्वाल, राजेंद्र कांडपाल, आशुतोष पुरोहित और नमिता कांडपाल ने किया।



